द फॉलोअप डेस्क
गृह मंत्रालय और मैती समुदाय के सीएम के संरक्षण में मणिपुर में कुकी जनजातियों को निशाना बनाया जा रहा। यह आरोप जेएमएम नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने लगाया है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को मणिपुर गए। 31 को वहां से लौटे। उनके लौटते ही कुकी जनजातियों के 85 गांव फूंक दिए गए। इसके लिए जिम्मेवार कौन है। सुप्रियो ने कहा कि मणिपुर के सीएम और असम रायफल्स के कमांडर मैती समुदाय से आते हैं। उनके इशारे पर ही वहां पर जनजातियों पर अत्याचार हो रहा है। सिर्फ आदिवासी को राष्ट्रपति बना देने से भाजपा आदिवासी हितैषी नहीं हो सकती। भाजपा और आरएसएस मानसिकता वाले ये लोग अब भी आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यकों को देखना नहीं चाहते हैं।
एंबुलेंस को आग के हवाले कर दिया
मणिपुर की एक घटना को लेकर सुप्रिया ने कहा कि आखिर इस ह्रदय विदारक घटना के लिए जिम्मेवार कौन है। दरअसल एसपी के नेतृत्व में एक घायल को लेकर एंबुलेंस जा रही थी। भीड़ ने एंबुलेंस को घेरा लिया और उसे आग के हवाले कर दिया। जिससे घायल की मां जिंदा जल गई। सुप्रियो ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में हत्या एक बड़ा काम बन चुका है। यूपी एवं प्रयाग राज में पुलिस संरक्षण में कैदी की सरेआम हत्या कर दी गई। झारखंड की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में भी हजारीबाग और जमशेदपुर में ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं। मध्य प्रदेश एवं दिल्ली में हत्या जैसी घटनाओं में इजाफा हुआ है। मणिपुर में इस तरह की हिंसा हो रही है। ऐसे में ये लोग कैसे कह सकते हैं कि भाजपा शासित राज्यों में राम राज आ गया है।
प्रधानमंत्री इन घटनाओं पर कुछ बोलते ही नहीं
सुप्रियो ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विदेश में भारत और हमारे पीएम की साख, लोकप्रियता बढ़ रही है। कोई उनका पैर छूता है तो कोई ऑटोग्राफ लेता है। लेकिन देश में क्या हो रहा है इस पर पीएम को बोलना चाहिए। मणिपुर छठी अनुसूची वाला आदिवासी राज्य है। वहां पर कई संवैधानिक बाध्यता है और अधिकार है। इसके बावजूद इस प्रकार की घटना हो रही है तो आखिर यह किस बात का संकेत है यह पीएम और भाजपा को बताना चाहिए।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N