logo

जेल से बाहर आते ही पहले पिता शिबू सोरेन से मिले हेमंत, कहा- बाबा की तबीयत थोड़ी...

a4411.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

हेमंत सोरेन ने जेल से बाहर आते ही पहले मोरहाबादी स्थित आवास जाकर पिता शिबू सोरेन से मुलाकात की। हेमंत सोरेन ने पिता से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि आदरणीय बाबा की तबीयत थोड़ी नासाज है। सबसे पहले उनसे मिल उनका आशीर्वाद लिया। उनके सेहत की जानकारी ली। गौरतलब है कि आज, झारखंड हाईकोर्ट ने कथित जमीन घोटाला केस में पिछले 5 माह से रांची के होटवार जेल में बंद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत दे दी। भाई बसंत सोरेन उनका बेल ऑर्डर लेकर होटवार जेल पहुंचे। रिलीज किए जाने के बाद हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन के साथ सबसे पहले पिता शिबू सोरेन और मां रूपी सोरेन से मिलने पहुंचे। यहां रूपी सोरेन ने उनका तिलक लगाकर और आरती उतारकर स्वागत किया। 


कथित लैंड स्कैम केस में हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि रांची के बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन की कथित तौर पर अवैध दस्तावेजों के सहारे खरीद-बिक्री के आरोप में ईडी ने हेमंत सोरेन को 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से हेमंत सोरेन रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद थे। उनको आज हाईकोर्ट ने नियमित जमानत दी। जमानत मिलने के बाद वो पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन के साथ सबसे पहले मोरहाबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास पहुंचे। यहां भाई बसंत सोरेन सहित पूरा परिवार मौजूद था।

 

विरोधियों को साजिश के तहत जेल में डाला गया!
जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से मुखातिब हेमंत सोरेन ने कहा कि उनको षड्यंत्र के तहत झूठी कहानी गढ़कर 5 महीने जेल में बंद रखा गया। पूरे देश में इसी तरह से राजनेताओं, पत्रकारों, सरकार के फैसलों पर सवाल उठाने वालों और बुद्धिजीवियों को जेल में डाला जा रहा है। आज कोर्ट ने न्याय किया। देरी हुई लेकिन मुझे न्यायपालिका पर भरोसा था। उन्होंने कहा कि ये पांच महीने झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों के लिए भी मुश्किल बीते। गौरतलब है कि हेमंत को जमानत, झामुमो के लिए बहुत अहम है। 
 

Tags - Hemant SorenJMMShibu SorenJharkhand News