द फॉलोअप डेस्क
भाकपा माले के विधायक अरूप चटर्जी ने विधानसभा में स्पीकर रबिन्द्रनाथ महतो के जरिए सरकार से JSSC-CGL मामले का रास्ता निकालने की मांग की। सदन की कार्यवाही के दौरान सूचना के माध्यम से उन्होंने कहा कि छात्रों की 98 फीसदी मांगें सरकार ने मान ली हैं। हालांकि, शांति पूर्वक आंदोलन कर रहे छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग पर अब भी अड़े हुए हैं। अरूप चटर्जी ने कहा कि छात्रों के आंदोलन में कुछ उपद्रवी तत्व भी घुस गए हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों को चिह्नित करने की जरूरत बताई। माले विधायक ने सरकार से कोर्ट का सहारा लेकर JSSC-CGL मामले का भी कोई रास्ता निकालने की मांग की, ताकि छात्रों की मांगों का समाधान हो सके और आंदोलन को समाप्त कराया जा सके।
