logo

डायन बता वृद्ध का सिर कलम करने वाले 7 पकड़े गये, मृतक की पत्नी लापता

99001.jpeg

रांची

अड़की के सेरेंगडीह में रविवार रात बड़ी बेरहमी से वृद्ध भानु मुंडा का सिर शरीर से अलग कर दिया गया था। लोगों ने उस पर डायन-बिसाही होने का आरोप लगाया था। इस हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। जानकारी देते हुए एसपी अमन कुमार ने बताया कि हत्या में कुल आठ लोग शामिल थे। सात की अरेस्टिंग के बाद पुलिस अब आठवें आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। बताया कि आठवें आरोपी की भी गिरफ्तारी हो जाने के बाद पकड़े गए लोगों के नाम का खुलासा कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, भानु मुंडा की हत्या के दिन के बाद से उसकी पत्नी गुरवारी देवी गायब है। खोजबीन के बावजूद अब तक गुरवारी देवी का कुछ पता नहीं चला।

पत्नी अब तक है लापता 

बता दें कि परिजनों के साथ पुलिस को भी उसकी तलाश है। इस संबंध में गुरवारी देवी के पड़ोसियों का कहना है कि रविवार को गांव का मदन मुंडा एक अन्य व्यक्ति के साथ गुरवारी देवी का नाम पूछते हुए आया था। उस समय घर में गुरवारी देवी की नातिन हिस्सी देवी घर में अकेली थी। मदन मुंडा ने हिस्सी देवी से कहा था कि उसकी नानी गुरवारी देवी डायन है, आज वह सबकी जान ले लेगा। मदन मुंडा धारदार हथियार लेकर हिस्सी को मारने दौड़ा था, लेकिन उसने किसी तरह अपनी जान बचा ली। कुछ देर बाद बाद में जब गुरवारी देवी घर लौटी, तो उसे इस बात की जानकारी मिली। और वह घर छोड़कर कहीं चलीं गईं। इस बात की जानकारी मृतक भानु मुंडा को भी हो गयी थी, लेकिन उसने कहा कि अपने ही घर में क्या डर, मैं डर से कहीं नहीं जाऊंगा। बाद में अपराधियों ने उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N