logo

जामताड़ा में युवक पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, पिस्तौल तानकर की मारपीट; गाड़ी का शीशा भी तोड़ा

कदी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चार हथियारबंद और नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक को बीच रास्ते रोककर उसके साथ मारपीट की। घटना कुरुवा गांव स्थित आजाद चौक के पास की है। बदमाशों ने युवक पर पिस्तौल तान दी और उसकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के कट डाबर गांव निवासी लुकमान मियां के पुत्र जहीर अंसारी मंगलवार देर रात अपनी चार पहिया गाड़ी से कर्माटांड़ के कुरुवा स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान कुरुवा आजाद चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार चार अपराधियों ने उनकी गाड़ी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। पुलिस से पहचान छिपाने के लिए सभी अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था।

पिस्तौल दिखाकर की मारपीट, ग्रामीणों के पहुंचते ही भागे बदमाश

गाड़ी रुकते ही अपराधियों ने जहीर अंसारी पर पिस्तौल तान दी और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों ने वाहन के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया। अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ जुटती देख अपराधी अपनी बाइकों पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही कर्माटांड़ थाना के प्रभारी थाना प्रभारी विकास तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा के एसडीपीओ वसीम राजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास तेज करने को कहा।

सीएसपी कनेक्शन की भी जांच, अज्ञात बदमाशों पर मामला दर्ज

घटना के बाद पीड़ित जहीर अंसारी ने कर्माटांड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर अज्ञात चार अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार पीड़ित के ससुर गफूर अंसारी क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) का संचालन करते हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं अपराधियों का निशाना सीएसपी से जुड़ा नकद लेन-देन या कोई वित्तीय विवाद तो नहीं था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags - Jamtara Crime Police Jharkhand Investigation