logo

JPSC-JSSC मामले पर बोले अर्जुन मुंडा, CBI जांच से क्यों बच रही राज्य सरकार

arjun_munda14.jpg

बोकारो 

पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने छात्र आंदोलन के मुद्दे पर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। सोमवार को बोकारो परिसदन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद और छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को लहूलुहान करने का काम कर रही है। आज राज्य में विकास कार्य प्रभावित हैं, और बड़ी संख्या में छात्र आंदोलनरत हैं। ऐसे समय में सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अर्जुन मुंडा ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर संवेदनशील है तो CBI जांच कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है।

मानवता के आधार पर भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए

उन्होंने कहा यदि राज्य सरकार में थोड़ी भी ईमानदारी है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है कि सरकार ने क्या सही किया और क्या गलत। जब छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, तो सरकार को उनकी बात जरूर सुननी चाहिए। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़ा यह मामला है। सरकार को मानवता के आधार पर भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, ताकि छात्रों के मन में उठ रहे सवालों का समाधान हो सके और परीक्षा व्यवस्था में उनका भरोसा कायम हो। उन्होंने कहा कि राज्य में छात्र आंदोलनरत हैं, और इससे विकास की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में सरकार को टकराव के बजाय छात्रों से संवाद कर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

Tags - Arjun Munda Students Protest Jharkhand Government Jharkhand Politics