हजारीबागः
बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। इसके लिए बड़कागांव विधायक लंबे समय से प्रयासरत थीं। राज्य संपोषित मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ही इन सड़कों को स्वीकृति मिली है। विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के ग्राम महूंगाई कला से हरली हाई स्कूल तक सड़क के 2.5 किलोमीटर, केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी पथ से कौलेश्वरी बागी होते हुए बड़काआम घासी जी के घर तक 3 किलोमीटर पथ निर्माण व ग्राम पुरनीपेटो नीम चौक बूढ़ी मैया झाबर गड़ा होते हुए बालूका राम के घर तक 4 किलोमीटर पथ निर्माण कार्य का मुख्य अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड रांची के द्वारा टेंडर आमंत्रित की गई है एवं जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी सड़कों के निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के सभी हिस्सों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, पूरे राज्य में राज्य में बड़कागांव विधानसभा विकास की नयी ऊंचाई हासिल कर रहा है।