logo

लोकसभा चुनाव 2024 : गिरिडीह के अलावा राजमहल सीट पर भी आजसू ठोकेगा दावा

ajsu_logo2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चुनाव मौका होता है, जब राजनैतिक पार्टियां सालों की अपनी मेहनत को आंकती है। जनता के बीच अपनी वजूद तलाशती है। 2024 वजूद तलाशने का ही साल होगा। खासकर झारखंड में, क्यूंकि यहां लोकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद ही विधानसभा चुनाव भी होगा। द फॉलोअप पर आपने एक खबर देखी होगी जिसमें महागठबंधन के अंदर कांग्रेस, झामुमो और राजद इस खींचतान में लगा है कि किसी भी तरह उसकी सीटों की संख्या बढ़ जाय। यही हाल एनडीए के भीतर भी है। 


बीते चुनाव में एनडीए फोल्डर में आजसू को केवल 1 सीट
गिरिडीह से झारखंड में भाजपा का लोकसभा चुनाव का आगाज और बीते सोमवार को पाकुड़ में आजसू का राजमहल लोकसभा स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन को भी ऐसे ही देखा जा रहा है। जो खबरें मिल रही है उसके अनुसार आजसू लोकसभा चुनाव में एनडीए के भीतर गिरिडीह लोकसभा के अलावे राजमहल सीट पर भी दावा करेगा। इसके पीछे का आधार बीते लोकसभा चुनाव में सौ फीसदी परिणाम है। बीते चुनाव में एनडीए फोल्डर में आजसू को सिर्फ एक सीट गिरिडीह लोकसभा मिला था। जिसे महागठबंधन के तहत झामुमो के उम्मीदवार जगरनाथ महतो को तक़रीबन 2 लाख 48 हजार वोटों से हराकर आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी ने एनडीए की झोली में एक और सीट सुनिश्चित किया था।


झारखंड में भाजपा के लिए आजसू जरूरी
आजसू एनडीए फोल्डर में अपनी ताकत जानता है। और इसका एहसास भाजपा को रामगढ़ में आजसू ने कराया है। जब भाजपा लगातार उपचुनाव हार रही थी, आजसू ने रामगढ़ में जीत दर्ज कर एनडीए को जीत का स्वाद चखाया। आजसू पार्टी जानती है कि झारखंड में भाजपा के लिए वह कितनी जरूरी है। आजसू इसे संथाल में खुद को मजबूत करने को लेकर एक मौका के तौर पर भी देख रही है। इसके लिए आजसू की पहली लड़ाई भाजपा से ही होगी। क्यूंकि पहली चुनौती एनडीए फोल्डर में पहले से भाजपा के कोटे की सीट राजमहल को अपने हिस्से में लेना होगा। ऐसे में यह तय है कि राजमहल लोकसभा सीट पर आजसू की सक्रियता भाजपा को परेशान करेगी। 


गिरिडीह से भाजपा की चुनावी शंखनाद से आजसू परेशान 
एक खबर ये भी है कि गिरिडीह से भाजपा की चुनावी शंखनाद से आजसू परेशान है। आजसू को ये लग रहा है कि पिछले लोकसभा में जो एक सीट गिरिडीह उसके हिस्से में आया था, इसबार कहीं वो भी भाजपा अपने पास ना रख ले। यह आशंका उस दिन पैदा हुआ जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा का झारखंड में लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए गिरिडीह क्षेत्र का भाजपा ने चयन किया था। बहरहाल गिरिडीह और राजहमल के जरिये बिना कुछ बोले, बिना बयानबाजी के भाजपा और आजसू में खींचतान शुरू है। आने वाले वक्त में जैसे जैसे चुनाव करीब आएंगे। सीटों का बंटवारा होगा, भीतर की बातें बाहर आएगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N