हजारीबाग :
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अपराधियों ने लगातार दूसरे दिन राहुल दुबे गिरोह के नाम पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। ताजा मामला चौपारण थाना क्षेत्र के सरदारपुर स्थित होटल ए.के. इंटरनेशनल का है। राहुल दुबे गिरोह के नाम का पर्चा छोड़ा। गोलीबारी में होटल के मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

होटल ए.के. इंटरनेशनल के बाहर कई राउंड फायरिंग
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बुधवार देर रात होटल के बाहर गोलीबारी की। इस दौरान होटल के मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया। गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को भी इसी होटल के मेन गेट पर फायरिंग की गई थी। एक बार फिर होटल को निशाना बनाए जाने से इलाके में डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल से राहुल दुबे गिरोह के नाम का पर्चा बरामद
पुलिस को घटनास्थल से राहुल दुबे गिरोह के नाम का एक पर्चा मिला है। बताया जा रहा है कि इस पर्चे के जरिए गिरोह ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पर्चे की सत्यता और गोलीबारी में गिरोह की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
18 नवंबर को कोयला खनन कंपनी के गेट पर हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले, 18 नवंबर की रात केरेडारी थाना क्षेत्र के पगार ओपी स्थित कोयला खनन कंपनी ऋत्विक के मुख्य गेट पर भी गोलीबारी हुई थी। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किए थे। इस घटना के बाद भी राहुल दुबे गिरोह के नाम की चर्चा सामने आई थी। लगातार दो दिनों में हुई गोलीबारी और इससे पहले होटल को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने जिले के कोयला कारोबारियों और अन्य व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान, फायरिंग के पीछे की वजह और दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों का पता लगाने में जुटी है।