रांची/अनगड़ा
रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड स्थित चन्द्रटोली गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान विनोद मुंडा और सुखराम मुंडा के रूप में हुई है। इससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्या है पूरा मामला
मिली खबर में बताया गया है कि विनोद मुंडा सुबह खेत में जाने के बाद कुएं से पानी निकालने गया था। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गया। अपने भाई को डूबता देख सुखराम मुंडा उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद गया। काफी कोशिश के बाद भी वजूद वह विनोद को बाहर नहीं निकाल सका और दोनों की कुएं में डूबने से जान चली गई। खबरों में ये भी बताया गया है कि विनोद पहले से मिर्गी रोग का मरीज था और अविवाहित था।
30 फीट है कुएं की गहराई
ग्रामीणों के अनुसार, जिस सिंचाई कूप में यह दर्दनाक हादसा हुआ, उसकी गहराई लगभग 30 फीट है, जबकि उसमें 22 से 23 फीट तक पानी भरा हुआ था। मनरेगा योजना के तहत करीब दो साल पहले बने इस कुएं के चारों ओर अब तक सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनाई गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस अनदेखी को हादसे का प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो शायद दोनों भाइयों की जान बचाई जा सकती थी।
