द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग जिले के बड़कागांव वन क्षेत्र के लौकुरा जंगल में झोपड़ी में सो रही महिला को हाथियों के झुंड ने कुचलकर मार डाला। मृतका की पहचान 71 वर्षीय रोहिणी देवी के रूप में हुई है। घटना गुरुवार देर रात की है। मिली सूचना के अनुसार महिला महुआ चुनने के लिए जंगल में ही सोयी हुई थी। रोहिणी देवी महुआ चुनने के लिए पेड़ के पास ही कुटिया बनाकर रहती थी। प्रतिदिन की तरह गुरुवार की रात वह खाना खाकर अपनी कुटिया में सो गयी थी। देर रात अचानक हाथियों का झुंड कुटिया के पास आ पहुंचा और महिला को कुचलकर मार डाला। हाथी की कुल संख्या 12 से अधिक थी। शुक्रवार की सुबह गांव के अन्य लोग जब महुआ चुनने पहुंचे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है