जामताड़ा:
जामताड़ा में 8 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप हुआ है। आरोप गांव के ही 59 वर्षीय बलराम सिंह पर लगा है। घटना, बिंदापाथर थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गांव की है। पीड़िता की मां ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भी आवेदन पर त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी बलराम सिंह को हिरासत में लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस कानून कार्रवाई में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने की कड़ी सजा की मांग
पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए पीड़िता को सदर अस्पताल भेजा। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि बच्ची के साथ ऐसी जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आरोपी को ऐसी सजा मिले कि, वह बाकियों की खातिर मिसाल हो।