द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के जिरवाबाडी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम महादेवगंज माल गोदाम के पास मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने 18 वर्षीय संजीव कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शोभनपुर भट्ट निवासी संजीव कुमार के साथ हुई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को संजीव कुमार का कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के कारण शाम में महादेवगंज माल गोदाम के पास तीन-चार युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल संजीव कुमार को सदर अस्पताल ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सदर अस्पताल साहिबगंज में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर नगर थाना इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडे, और जिरवाबाडी थाना प्रभारी शशि सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
