द फॉलोअप डेस्कः
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रांची में संकल्प पत्र जारी करने के बाद सीधा घाटशिला के धालभूमगढ़ पहुंचे और वहां उन्होंने चुनाव सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चंपाई सोरेने, बाबलाल सोरेन और दिनेशानंद गोस्वामी के पक्ष में वोट मांगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन जी मुगालते में है कि भाजपा उनको हटाने के लिए चुनाव लड़ रही है। भाजपा आपको हटाने के लिए चुनाव नहीं लड़ रही है। भाजपा चारों तरफ परिवर्तन लाने के लिए चुनाव लड़ रही है। परिवर्तन से मतलब ये नहीं है कि मुख्यमंत्री बदल दिया जाए, परिवर्तन से मतलब है कि यहां पर गरीबों का पैसा खाने वाली हेमंत सोरेन की सरकार को बदल दिया जाए। आप सबने 350 करोड़ एक साथ देखा है क्या। कांग्रेस के सांसद के घर से 350 करोड़ मिला वो किसका है। वो पैसा आपका है। झारखंड के युवाओं ये साढ़े तीन सौ करोड़ रुपया आपका है। आपको लूटने वालों को सत्ता में रखना चाहिए क्या। अगर ये रहे तो आदिवासियों का दलितों का पिछड़ो का पैसा खाकर अपना घर भरने का काम करेंगे। इसी वजह से हमारे नेता चंपाई सोरेन झामुमो छोड़कर भाजपा के साथ आए। चंपाई सोरेन की लड़ाई क्या है। गरीब आदिवासी का बेटा कहां पर खर्च होना चाहिए। भ्रष्टाचार का चंपाई सोरेन जी ने विरोध किया। संथाल परगना में आदिवासियों की संख्या घट रही है। हेमंत सोरेन की सरकार घुसपैठियों को नहीं रोक सकती है। उन्होंने तो कोर्ट में हलफनामा दायर कर दिया कि हम घुसपैठ रोकना नहीं चाहते हैं। इसका विरोध चंपाई सोरेन ने किया। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप भाजपा की सरकार बना दो एक-एक घुसपैठ चुन-चुनकर निकालने का काम भाजपा करेगी। आदिवासी की बेटी, आदिवासी की रोटी और आदिवासी की भूमि तीनों को बचाने का काम भाजपा करेगी। आपके सामने दो विकल्प है कांग्रेस आरजेडी और जेएमएम को काम है घुसपैठियों को बचाना एक ओर भाजपा है जिनका काम है आदिवासी की रोटी, बेटी और माटी को बचाना।

अमित शाह ने कहा कि हम संथाल की संस्कृति का सम्मान करते हैं सभी आदिवासी भाषा को हमने राज्य में स्टेटस देने का काम किया है। हमने घोषणापत्र में कहा है कि कुड़माली और सारी आदिवासी भाषाओं को हम राज्य की शिक्षा में हम दर्जा देंगे। ये जेएमएम सरकार जनजातियों की विरोधी है। मोदी जी 10 साल से देश के प्रधानमंत्री हैं। मोदी जी ने आयुष्मान भारत योजना झारखंड से लागू किया, मुद्रा योजना झारखंड से लागू की, पीएम जन मन योजना झाऱखंड से लागू की। यहां का युवा बेरोजगार बैठा है। बेरोजगारी का समर्थक हेमंत सोरेन की सरकार है। इन्होंने वादा किया था कि पांच लाख नौकरी देंगे लेकिन पांच लाख नौकरी दी क्या। उल्टा सारे पेपर लीक करवा दिये। जिसने लीक किया वो जेल में गये हैं क्या। आप चिंता मत करो भाजपा की सरकार बना दो हम पेपर लीक करने वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम करेंगे। हमारा संकल्प है कि धान का एक एक दाना 3100 रुपये क्वींटल भाजपा की सरकार खरीदेगी। वन उपजों को भी एमएसपी सरकार खऱीदने का काम करेगी। पूरे घाटशिला वाले जल आपूर्ति से परेशान है। क्योंकि मोदी जी जो जल जीवन मिशन लाए उसमें भ्रष्टाचार हो गया। मैं आपको वादा करता हूं कि बाबूलाल सोरेन को जिता दो हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम भाजपा करेगी। खदाने जो बंद पड़ी है उसको भी चालू करने का काम भाजपा करेगी।

घुसपैठियों को जेएमएम कांग्रेस नहीं रोक सकते। ये उनके वोट बैंक है। भेंट में उनसे इनकी जमीन हड़प लेते हैं। हम ऐसा सख्त कानून लाएंगे कि आदिवासी की जमीन किसी घुसपैठिए के नाम ट्रांसफर नहीं होगी। और जो जमीन हड़प लिये हो ना वो भी वापस देना होगा। हेमंत सोरेन ने चंपाई सोरेन का अपमान किया। चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया और फिर उनसे पद ले लिया ये बताओ ठीक किया क्या। आदिवासियों का अपमान किसने किया। मोदी जी ने तो द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया।

मैं कहने आया हूं कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब आदिवासी कंपोनेंट का बजट था 24 हजार करोड़ और मोदी जी ने इसे बढ़कर कर दिया 1 लाख 24 हजार करोड़। जेएमएम वालों ने नक्सलियों को छूट दिया था। हमारी सरकार में नक्सलवाद को समाप्त किया। हमान महान पुरुषों का स्मारक बनाएंगे। आज मैं कहकर जाता हूं कि झारखंड में यूसीसी जरूर लागू होगी लेकिन उससे आदिवासी बाहर रखे जाएंगे। कमल फूल की सरकार बना दो हर महीने की 11 तारीख को 2100 दिया जाएगा। एलपीजी गैस सिलेंडर 500 में मिलेगा। दीपावली और रक्षाबंधन में गैस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। बेकारी भत्ता देने काम भाजपा करेगी। 2 लाख 87 हजार पदों पर भर्ती होगी। पेपर लीक किये बगैर होगी। पेपर लीक की सीबीआई जांच भी होगी। घुसपैठियों को रोकेंगे। 50 लाख तक की जो भी खरीदारी करेंगे आपको उसमें स्टांप ड्यूटी नहीं भरना होगा। हम हर गरीब को 10 लाख तक का इलाज मुफ्त करेंगे। 70 साल से ऊपर की आयु के लोगों को और पांच लाख का इलाज देंगे। 10 नये सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाएंगे, हर घर पानी पहुंचाएंगे, मुखियाओं का वेतन 5 हजार बढ़ाएंगे, और ओबीसी को किसी का भी आरक्षण कम करे बगैर पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम भाजपा करेगी। वृध्द, विधवा और दिव्यांग को 2500 का पेंशन दिया जाएगा।
हेमंत सोरेन की सरकार ने घुसपैठ करने के आलावा, भ्रष्टाचार करने के अलावे अपने घर भरने के अलावे और कोई काम नहीं किया। यहां खदानों में खनिज पड़ा है अगर इसका सही से उपयोग को तो देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। मैं वादा करता हूं कि अगर भाजपा की सरकार बनाइए झारखंड से पलायन पूर्णत बंद हो जाएगा।