लखीसराय
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में लगातार प्रचार अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती बदलाव के लिए तैयार है और कांग्रेस के नेतृत्व में नई ऊर्जा के साथ एक नई शुरुआत होगी।
इसी क्रम में उन्होंने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने प्रियंका गांधी के साथ मंच साझा किया। सभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने कांग्रेस के पक्ष में नारे लगाए और बदलाव की मांग की।

अंबा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा, “सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब सिर्फ एक भीड़ नहीं, बल्कि परिवर्तन की लहर है। लखीसराय की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब बदलाव होकर रहेगा। इस बार कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश की जीत सुनिश्चित है।”
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने वर्षों से जो उम्मीदें संजोई हैं, अब उन्हें पूरा करने का समय आ गया है। “हम सब मिलकर एक ऐसा बिहार बनाएंगे जहां युवाओं को रोजगार मिले, किसानों को उनका अधिकार मिले और महिलाओं को बराबरी का सम्मान मिले,” उन्होंने कहा। अंबा प्रसाद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा, “आपका साथ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जनता के भरोसे और कांग्रेस की विचारधारा पर हमें पूरा विश्वास है कि बिहार में बदलाव निश्चित है।”
.jpeg)