logo

2 महीने की बात थी हेमंत जी, क्यों वयोवृद्ध चंपाई सोरेन को जबरन इस्तीफा दिलाया- अमर बाउरी

a2120.jpeg

 

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन पर अब नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी का बयान सामने आया है। अमर बाउरी ने वीडियो संदेश में हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए कहा है कि 2 महीने की ही बात थी। आप 2 महीने में चुनाव जीतकर फिर मुख्यमंत्री बन सकते थे। आपने इतने वयोवृद्ध नेता चंपाई सोरेन को जबरन सत्ता से बेदखल कर दिया। उनको मजबूर किया, अपमानित करके कि सत्ता छोड़ दें। ये झारखंड की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। अमर बाउरी ने कहा कि सत्ता सुख के लिए सोरेन परिवार कितना दूर जा सकता है, आज का यह प्रकरण उसका बड़ा उदाहरण है। अमर बाउरी ने कहा कि निश्चित रूप से चंपाई सोरेन को बेबस किया गया। जोर-जबर्दस्ती उनको सत्ता से बेदखल कर दिया। इसका जवाब आगामी चुनाव में झारखंड की मूलवासी-आदिवासी जनता देगी।

 

सीएम आवास में हुई थी सत्ताधारी दलों की बैठक
गौरतलब है कि आज मुख्यमंत्री आवास में सत्ताधारी दल की बैठक के बाद हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। नेतृत्व परिवर्तन पर सहमति बनी। इसके बाद देर शाम मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने राजभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। इसके तुरंत बाद, झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रभारी गुलाम अहमद मीर, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, भाकपा (माले) विधायक विनोद सिंह औऱ कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव मौजूद थे। हेमंत सोरेन कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

इस्तीफा देने के बाद क्या बोले सीएम चंपाई सोरेन
इस्तीफा देने के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि यह हमारे गठबंधन की बात है। पिछले दिनों हम लोगों ने इसी तरह का विचार कर नेतृत्व परिवर्तन का निर्णय लिया था। जब हम लोगों नेतृत्व परिवर्तन किया, तब मुझे नेतृत्व परिवर्तन का दायित्व मिला। इसके बाद राजनीतिक घटनाक्रम हुआ औऱ हेमंत बाबू वापस आ गये। हमलोगों ने फिर हेमंत बाबू को गठबंधन का नेता चुना है। मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। 
 

Tags - Hemant SorenAmar BauriJharkhand NewsJMMJharkhand BJP