logo

5 दिन से लापता हैं धनबाद के आलोक कुमार वर्मा, लावारिस हालत में यहां मिली कार; परिवार चिंतित

A501.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

धनबाद के एलआईजी 35 हाउसिंग कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय आलोक कुमार वर्मा 5 दिन से लापता हैं। बीते 1 जुलाई को वह चतरा के लवालौंग प्रखंड अंतर्गत कटिया पंचायत के रखेद गांव से लमटा मोड़ जाने की बात कहकर निकले थे। उनकी काले रंग की हुंइड वैन्यू कार JH15AA-7670 जोगियाडीह से लिलाजन पुल के बीच लावारिस हालत में मिली है। आलोक कुमार वर्मा एमपीएमई एनर्जी लिमिटेड कंपनी, जसीडीह में हेड जीएम हैं। आलोक कुमार वर्मा के अचानक इस प्रकार लापता हो जाने से पत्नी श्वेता समेत पूरा परिवार काफी चिंतित है। आलोक के साले अमन कुमार प्रधान ने लवालौंग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

साले ने लवालौंग थाने में दर्ज कराई शिकायत
लवालौंग पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में अमन कुमार प्रधान ने जानकारी दी है कि आलोक कुमार वर्मा बीते 22 जून को चतरा के रखेद गांव स्थित अपने ससुराल आए थे। 1 जुलाई को वह घर पर लमटा मोड़ जाने की बात कहकर निकले थे। बकौल अमन, जब वह चतरा से अपने गांव रखेद लौट रहे थे, तो उन्होंने घर से करीब 1 किमी दूर आलोक की हुंडई वैन्यू कार JH15AA-7670 का खड़ा पाया। उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी, लेकिन दूसरी कार के भीतर कोई नहीं था। अमन ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन्होंने आलोक के दोनों मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन नंबर स्विच ऑफ आ रहा था। आसपास के लोगों से पूछताछ और काफी खोजबीन के  बाद भी आलोक कुमार वर्मा का कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पुलिस से आलोक कुमार वर्मा को ढूंढ़ लाने की गुहार लगाई है। 

परिजनों ने तनाव या विवाद से किया इनकार
आलोक कुमार वर्मा के परिजनों ने किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, विवाद अथवा दुश्मनी जैसी बात से इनकार किया है।  पत्नी श्वेता समेत परिवार के बाकी सदस्यों ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीजीपी से गुहार लगाई है कि आलोक कुमार वर्मा की गुमशुदगी मामले को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। आलोक  कुमार वर्मा को लापता हुये आज 5वां दिन बीतने को है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों को चिंता सता रही है। वे घबराये हुए हैं। 

Tags - Jharkhand NewsMissing NewsDhanbad NewsDGPJharkhand Crime News