logo

CBI ने रैफ के सीनियर अकाउंटेंट को पटना में पकड़ा, HRA रिकवरी के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप

CBI ने रैफ के सीनियर अकाउंटेंट को पटना में पकड़ा, HRA रिकवरी के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
सीबीआई की रांची भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने रिश्वतखोरी के मामले में रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) की इंटरनल ऑडिट टीम से जुड़े सीनियर अकाउंटेंट सोनू कुमार को पटना से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक हवलदार से HRA रिकवरी के मामले को ऑडिट रिपोर्ट में शामिल नहीं करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

मामला जमशेदपुर के गम्हरिया इलाके में रहने वाले रैफ हवलदार राकेश कुमार सिंह की शिकायत से सामने आया। शिकायत के अनुसार, 106 रैफ सीआरपीएफ जमशेदपुर में इंटरनल ऑडिट चल रहा था। इसी दौरान हवलदार को बताया गया कि उन्हें HRA के रूप में करीब 1.99 लाख रुपये का अतिरिक्त भुगतान हुआ है और इसकी रिकवरी की जा सकती है। आरोप है कि इस रिकवरी को रोकने और ऑडिट रिपोर्ट में इसका उल्लेख नहीं करने के बदले सोनू कुमार ने 50 हजार रुपये की मांग की। बाद में बातचीत के बाद रकम 40 हजार रुपये तय हुई।

गिरफ्तार आरोपी को रांची लाया जा रहा
शिकायत मिलने पर सीबीआई की रांची एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। एजेंसी के मुताबिक रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद 16 सितंबर को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद सोनू कुमार ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेने के लिए हवलदार को पटना बुलाया। सीबीआई की टीम ने डीएसपी कुलदीप के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 14 हजार रुपये की पहली किश्त लेते समय उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को रांची लाया जा रहा है, जहां उसे विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई अब यह भी जांच कर रही है कि ऑडिट से जुड़े इस मामले में रैफ या सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल हैं या नहीं।

Tags - CBI Bribery Case CRPF RAF Ranchi CBI