द फॉलोअप, रांची
राजधानी रांची के धुर्वा डैम में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से जीटी प्लेटफॉर्म लगा कर नौका विहार का संचालन किया जा रहा है। विजय सिंह ने इस संबंध में नगड़ी थाने में शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि पर्यटन विभाग द्वारा धुर्वा डैम में नौका विहार का संचालन किया जाता है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने डैम में स्थान चिह्नित कर रखा है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा पर्यटन विभाग द्वारा चिह्नित स्थान के पास ही जीटी प्लेटफॉर्म लगा कर अवैध रूप से नौका विहार का संचालन किया जा रहा है। इस कारण नौका विहार के संचालन के क्रम में किसी अप्रिय दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। GT Platform वह फ्लोटिंग जेट्टी/प्लेटफॉर्म होता है जहां से पर्यटक नाव पर चढ़ते और उतरते हैं तथा नावों को खड़ा किया जाता है।

यहां मालूम हो कि धुर्वा डैम में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स संचालन की जिम्मेदारी लिमस मरीन इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) निगम की ओर से 19 फरवरी 2025 को जारी लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) में इसकी जानकारी दी गई है। यह चयन 28 दिसंबर 2024 को जारी आरएफपी संख्या 1430/2024 के तहत प्राप्त वित्तीय बोलियों के आधार पर किया गया। कंपनी को प्रारंभिक तौर पर पांच वर्षों के लिए अनुबंध दिया गया है, जिसे आपसी सहमति से अगले पांच वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा। इस आदेश के तहत कंपनी धुर्वा डैम में नौकाओं एवं अन्य वॉटर स्पोर्ट्स उपकरणों के संचालन, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, उपकरणों की मरम्मत, प्रचार-प्रसार तथा प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभा रही है।
