द फॉलोअप, रांची
भाजपा ने रांची के अरगोड़ा थाना में आवेदन देकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि 23 जुलाई 2026 को लगभग 1:30 बजे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर भाजपा कार्यालय पर लाठी, डंडा, रॉड और पत्थर से हमला किया। प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
आवेदन में बताया गया है कि घटना के समय शिकायतकर्ता भाजपा कार्यालय में मौजूद थे। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में घुसकर मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला किया। शिकायतकर्ता ने कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा किया है।

इनके खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी
शिकायत में कांग्रेस के रांची जिला अध्यक्ष कुमार राजा, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, बबन तिर्की, रहमान खान, प्रदीप तुलस्यान, राजेश सिन्हा, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, दीपक कुमार, श्रीकांत महतो समेत कई लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है। आवेदन के अनुसार, हमले में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। इनमें संजय चौधरी, संजीत सिंह, सौरभ कश्यप, आलोक पीतांबर, सन्नी टोप्पो, सुनील साहू, अमन जायसवाल, सुशील दुबे, अमिताभ धीरज, नितिन राणा, रोमित नारायण सिंह, पीयूष विजयवर्गीय, पवन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान भाजपा कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और कार्यालय में भय का माहौल बनाया गया। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि भाजपा ने पहले भी कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हिंसा का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। वहीं इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।