द फॉलोअप, जमशेदपुर
एमजीएम अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होमगार्ड जवानों पर भाजपा कार्यकर्ता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है।
भुइयांडीह लकड़ी टाल निवासी भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता मनीष शर्मा अपनी बहन के इलाज से जुड़ी जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद कुछ होमगार्ड जवानों ने उनसे अस्पताल आने का कारण पूछते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और जवानों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।

पीड़ित ने क्या-क्या बताया?
पीड़ित मनीष शर्मा का आरोप है कि उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन जवानों ने उन्हें घेर लिया और कुछ देर तक रोके रखा। उनका यह भी कहना है कि मौके पर मौजूद जवानों ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाए जाने पर मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने दोषी जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

पटमदा डीएसपी बोले निष्पक्ष कार्रवाई होगी
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक टूटी हुई लाठी जब्त की और घायल का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया। पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार और थाना पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि एफआईआर के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
पीड़ित के परिजनों से पूर्णिमा दास साहू ने की मुलाकात
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शहर पहुंचने के बाद घायल भाजपा कार्यकर्ता के घर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए डीएसपी दयानंद कुमार से फोन पर बात की और मामले में शामिल होमगार्ड जवानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा निलंबन की मांग की। एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक से भी बातचीत कर इलाजरत मरीज काजल प्रधान के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
