logo

थाना परिसर में युवक से मारपीट का आरोप, थाना प्रभारी ने किया इनकार; कांग्रेस ने मांगी निष्पक्ष जांच

rm4.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रामगढ़: 

आंगो थाना परिसर में पुलिसकर्मी द्वारा दिगवार निवासी मनोज कुमार सिन्हा के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रिंकू कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का दावा है कि मनोज के साथ थाने में मारपीट हुई, जिसके बाद उसके शरीर पर चोटें आईं और हाथ की एक उंगली में फ्रैक्चर हुआ। परिवार ने मेडिकल जांच का हवाला देते हुए अधिकारियों से शिकायत की है।

थाना प्रभारी मारपीट के आरोप को किया खारिज
वहीं, आंगो थाना प्रभारी जानू कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि मनोज नशे की हालत में थाने आया था और वहां हंगामा कर रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार, रात में उसे उसके पिता और एक ग्रामीण की मौजूदगी में सुरक्षित घर भेज दिया गया था।

कांग्रेस ने मांगी निष्पक्ष जांच

कांग्रेस ने कहा कि थाना कानून और सुरक्षा का स्थान है, इसलिए वहां किसी नागरिक के साथ कथित मारपीट का आरोप गंभीर है।कांग्रेस पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पक्ष और पीड़ित परिवार के दावों में अंतर है। मेडिकल दस्तावेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में अब पुलिस प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है।

Tags - Ango Police StationRamgarh NewsJharkhand PolicePolice InvestigationCongress News