रांची:
Ranchi News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी के विरोध में अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने आवाज उठाई है। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर परीक्षा शुल्क में की गई वृद्धि को वापस लेने की मांग की।

छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
आजसू की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि JAC की आधिकारिक वेबसाइट और विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के शुल्क में बढ़ोतरी की जानकारी मिली है। संघ ने इस निर्णय पर चिंता जताते हुए कहा कि झारखंड में पहले से ही लाखों विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हैं। ऐसे में परीक्षा शुल्क में वृद्धि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी।

परीक्षा शुल्क पूर्ववत रखने की मांग
आजसू ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026-27 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लिया जाए। संघ ने परीक्षा शुल्क को पूर्ववत रखने की मांग की है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। ज्ञापन सौंपने के दौरान आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, अनुष्का सिन्हा, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, महानगर उपाध्यक्ष यश सोनी, अभीत कुमार, रोशनी मुंडा, राज दुबे, अंकित कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।