logo

JPSC-JSSC परीक्षा में देरी पर आजसू का सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम, 22 नवंबर के छात्र महापंचायत को दिया समर्थन

JPSC-JSSC परीक्षा में देरी पर आजसू का सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम, 22 नवंबर के छात्र महापंचायत को दिया समर्थन

द फॉलोअप डेस्क, रांची: 

झारखंड में JPSC और JSSC की लंबित परीक्षाओं, नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर आजसू पार्टी ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने आरोप लगाया है कि सरकार आगामी नियुक्तियों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। आजसू पार्टी ने सरकार से परीक्षा मॉडल स्पष्ट करने, परीक्षा कैलेंडर जारी करने और लंबित नियुक्तियों की समयसीमा घोषित करने की मांग की है। आजसू पार्टी का कहना है कि पार्टी ने पूर्व में परीक्षा सुधारों को लेकर राज्य सरकार को अवगत कराया था। उस दौरान सरकार ने तीन महीने के भीतर सभी विषयों पर स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक JPSC के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया है। 

वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करे सरकार

वहीं, JPSC और JSSC की आगामी परीक्षाएं कब आयोजित होंगी, इस पर भी सरकार की ओर से कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है। आजसू पार्टी ने मांग की है कि सरकार तत्काल परीक्षा का मॉडल और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करे। साथ ही, राज्य में खाली पड़े सभी सरकारी पदों की संख्या और उन पर नियुक्ति की संभावित समयसीमा का उल्लेख करते हुए श्वेत पत्र जारी करे, ताकि युवाओं को यह स्पष्ट हो सके कि कितने पद रिक्त हैं और कब तक उन पर बहाली होगी।

22 नवंबर के छात्र महापंचायत को समर्थन

झारखंड के छात्र-छात्राओं द्वारा 22 नवंबर को आयोजित किए जा रहे महापंचायत को आजसू पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह युवाओं के इस संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। आजसू पार्टी ने सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में परीक्षा, नियुक्ति, परीक्षा कैलेंडर और रिक्त पदों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई, तो पार्टी छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। आजसू पार्टी ने JSSC के अध्यक्ष और सचिवों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
 

Tags - JPSC JSSC Jharkhand Government AJSU Party Jharkhand Jobs