logo

रांची में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया तेज़, 900 अभ्यर्थी अगले चरण की परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टेड

agniweer.jpg

रांची

आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस (एआरओ), रांची के माध्यम से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का द्वितीय चरण लगातार और सुचारु रूप से जारी है। इस चरण के तहत प्रतिदिन करीब 100 से 150 अभ्यर्थियों को विभिन्न रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटरों के लिए डिस्पैच किया जा रहा है। यह प्रक्रिया मध्य जनवरी तक लगातार चलती रहेगी।
एआरओ रांची से झारखंड राज्य के चयनित अभ्यर्थियों को चरणबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से रवाना किया जा रहा है, ताकि सभी उम्मीदवार समय पर अपने-अपने प्रशिक्षण केंद्रों में रिपोर्ट कर सकें। सेना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण डिस्पैच प्रक्रिया को छोटे-छोटे समूहों में विभाजित कर प्रतिदिन संपन्न किया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।


इस बीच, कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के आधार पर लगभग 800 से 900 अभ्यर्थियों को अगली चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों की भर्ती रैली मार्च माह में गया (बिहार) में आयोजित की जाएगी। इस रैली में शारीरिक दक्षता, दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। एआरओ रांची ने सभी शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों से स्पष्ट अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से पूर्ण और तैयार रखें, ताकि भर्ती रैली और आगे की चयन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


सेना भर्ती कार्यालय ने यह भी दोहराया है कि अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत निर्देशों पर ही भरोसा करें। किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह से बचने की सख्त सलाह दी गई है।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया युवाओं को भारतीय सेना में सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। बड़ी संख्या में युवा इस प्रक्रिया में उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं, जिससे यह साफ है कि सेना में शामिल होने को लेकर युवाओं का आकर्षण लगातार बना हुआ है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest