logo

गांडेय उपचुनाव में नामांकन के बाद बोली कल्पना, जनता का आशीर्वाद चाहिए; करूंगी सेवा

kalpana_gandey.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने गांडेय उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के बाद कल्पना ने कहा कि आज गांडेय उपचुनाव के लिए नॉमिनेशन फाइल हो गया है। नामांकन के लिए झामुमो के साथ इंडिया गठबंधन के सारे लोग मौजूद रहें। उनका आशीर्वाद आज मुझे मिला है। साथ ही साथ अब जनता का प्यार और आशीर्वाद चाहिए। मैं जनता से आग्रह करना चाहूंगी कि दोबारा से आप आशीर्वाद दीजिए और अपने लिए काम करने का मौका दीजिए। 


सीएम चंपाई और कई मंत्री रहें मौजूद
गौरतलब है कि कल्पना सोरेन ने आज गांडेय उपचुनाव के लिए पर्चा भरा। इस दौरान झामुमो और इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता मौजूद रहें। कल्पना के पर्चा भरने के दौरान सीएम चंपाई सोरेन,मंत्री बसंत सोरेन, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री आलमगीर आलम,मंत्री मिथिलेश ठाकुर,मंत्री बेबी देवी,कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद महुआ माजी, गिरिडीह के झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू व अन्य नेता मौजूद थे।


सोशल मीडिया पर कल्पना ने किया पोस्ट
नामांकन दाखिल करने के बाद कल्पना मुर्मू सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा है कि "हेमन्त जी की हिम्मत, बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का आशीर्वाद,'तीर-कमान' की शक्ति,गांडेय विधानसभा की जनता का साथ,झारखण्ड के जनमानस का स्नेह और आशीर्वाद,अमर वीर शहीदों और वीरांगनाओं के आशीर्वाद के साथ आज मुझे गांडेय विधानसभा उपचुनाव हेतु नामांकन पत्र दाखिल करने का परम सौभाग्य मिला। आज इस अवसर पर मैं गांडेय, बेंगाबाद और गिरिडीह की जनता को प्रणाम और जोहार करती हूं। आपके स्नेह, आशीर्वाद और सहभागिता के साथ गांडेय विधानसभा को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।झारखण्ड झुकेगा नहीं!INDIA रुकेगा नहीं"।


31 दिसंबर 2023 से खाली है सीट
बता दें कि गांडेय सीट 31 दिसंबर 2023 से खाली है। बीते 31 दिसंबर 2023 को डॉ.सरफराज अहमद ने इस सीट के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि कल्पना सोरेन इस सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। आज कल्पना ने गांडेय से ताल ठोक दिया है। कल्पना मुर्मू सोरेन का मुकाबला बीजेपी के दिलीप वर्मा से होगा। दिलीप वर्मा बीजेपी में कई पदों पर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष का दायित्व भी निभाया है। वे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के करीबी भी माने जाते हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - JharkhandGandey byelectionKalpana soren murmu