डेस्क:
देश की राजधानी दिल्ली में भी मंकीपाक्स (Monkeypox) ने दस्तक दे दी है। केरल में मिले तीन मरीजों के बाद अब दिल्ली में पहले मामले की पुष्टि हुई है।
संक्रमित व्यक्ति का कोई विदेश यात्रा का इतिहास नहीं है। 31 वर्षीय इस व्यक्ति ने कभी विदेश यात्रा नहीं की है। दो दिन पहले ही इस मरीज का सैंपल जांच के लिए एनआइवी पुणे भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मरीज को दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

लोकनायक अस्पताल को बनाया गया नोडल सेंटर
राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स के सभी मामलों का इलाज लोकनायक अस्पताल में किया जाएगा। इसे मंकीपाक्स के मामलोंं के लिए नोडल सेंटर बनाया गया है। दिल्ली के इस नए मामले को मिलाकर देश में अब तक कुल चार मरीज सामने आ चुके हैं।स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि मरीज 31 वर्षीय व्यक्ति है जिसने कोई विदेश यात्रा नहीं की है। इस मरीज को बुखार और त्वचा के घावों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मंकीपाक्स के मरीजों के लिए छह बेड का वार्ड तैयार
दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में मंकीपॉक्स के संभावित खतरे से निपटने के लिए छह बेड का वार्ड तैयार किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 16 जुलाई को सरकार ने अस्पताल को मंकीपाक्स के लिए नोडल सेंटर घोषित किया था। साथ ही मंकीपाक्स के किसी संदिग्ध मामले के आने पर उसके मरीज की किस तरह देखभाल करनी है उसका प्रशिक्षण भी डाक्टर और अन्य चिकित्साकर्मियों को दिया जा रहा है।
