logo

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से भी ज्यादा अमीर है ये उम्मीदवार, बबीता कच्छप पर दर्ज हैं सर्वाधिक आपराधिक मामले

a837.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

13 मई को झारखंड की 4 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए कुल 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है जिसमें उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता, संपत्ति और अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। पलामू (एसटी) सीट से बहुजन मुक्ति मोर्चा की तरफ से चुनावी मैदान में उतरे राम वचन राम सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। दिलचस्प बात ये है कि राम वचन राम, खूंटी (एसटी) संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी अर्जुन मुंडा से भी ज्यादा अमीर हैं। वहीं आपराधिक मामलों की बात करें को खूंटी संसदीय सीट से भारत आदिवासी पार्टी की उम्मीदवार बबीता कच्छप पर सर्वाधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। बबीता कच्छप के खिलाफ राजद्रोह का मामला भी दर्ज है। इन 4 सीटों में से सिंहभूम (एसटी) सीट से राईट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी वीर सिंह देगाम सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। उनके पास केवल 30 हजार रुपये हैं। 

किस उम्मीदवार के पास कितनी संपत्ति है
उम्मीदवारों द्वारा घोषित संपत्ति के विवरण के मुताबिक पलामू (एसटी) सीट से प्रत्याशी राम वचन राम, खूंटी (एसटी) सीट से प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और लोहरदगा (एसटी) सीट से उम्मीदवार पवन तिग्गा सर्वाधिक अमीर प्रत्याशी हैं। राम वचन राम के पास कुल 18 करोड़ 56 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति है। उनके पास चल संपत्ति 6.5 लाख रुपये हैं जबकि अचल संपत्ति 18 लाख 60 हजार रुपये है। अर्जुन मुंडा की कुल संपत्ति 16 करोड़ 56 लाख 55 हजार 57 रुपये है। चल संपत्ति 11 करोड़ 8 लाख 55 हजार 57 रुपये है जबकि अचल संपत्ति 5 करोड़ 48 लाख रुपये है। पवन तिग्गा के पास 5 करोड़ 68 लाख 70 हजार 977 रुपये हैं। चल संपत्ति 18 लाख 70 हजार 977 रुपये है वहीं अचल संपत्ति 5.5 करोड़ रुपये है। 

वीर सिंह देगाम के पास महज 30 हजार रुपये हैं
सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवारों की सूची में पहला नाम सिंहभूम (एसटी) सीट से राईट टू रिकॉल पार्टी के वीर सिंह देगाम का आता है। वे सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। इनके पास महज 30 हजार रुपये हैं। ये चल संपत्ति है। सिंहभूम (एसटी) सीट से आईएनडी की उम्मीदवार आशा कुमार रूंडा के पास कुल 71 हजार रुपये की संपत्ति है। ये चल संपत्ति है। ये दूसरी सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। पलामू (एसटी) सीट से महेंद्र बैठा के पास कुल 2.5 लाख रुपये की संपत्ति है। चल संपत्ति 1100 रुपये हैं। अचल संपत्ति 2.5 लाख है। 

किस उम्मीदवार के ऊपर कितनी देनदारी है
अर्जुन मुंडा पर 2 करोड़ 42 लाख 92 हजार 905 रुपये की देनदारी है। सुखदेव भगत पर  1 करोड़ 24 लाख 14 हजार 241 रुपये की देनदारी है। सिहभूम (एसटी) सीट से बीजेपी उम्मीदवार गीता कोड़ा के ऊपर 62 लाख 32 हजार 389 रुपये की देनदारी है। 

बबीता कच्छप के खिलाफ सर्वाधिक आपराधिक मुकदमा
गौरतलब है कि खूंटी (एसटी) संसदीय सीट से भारत आदिवासी पार्टी की उम्मीदवार बबीता कच्छप के खिलाफ सर्वाधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा भी दर्ज है। बबीता कच्छप के खिलाफ गंभीर अपराध के 5 मामले दर्ज हैं। बबीता कच्छप के खिलाफ लोगों को धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्रीयता के आधार पर भड़काने के गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज है। बीजेपी के अर्जुन मुंडा पर 8 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक गंभीर किस्म का अपराध है। उनके खिलाफ सरकारी अधिकारी को उनकी ड्यूटी से रोकने के आरोपों में मुकदमा दर्ज है। 

Tags - Arjun MundaBabita KacchapKhuntiADR ReportLok Sabha Election 2024