logo

पाकुड़ में प्रशासन अलर्ट, बकरीद से पहले शहर में निकला फ्लैग मार्च

pakur_flag_march.jpg

पाकुड़
पाकुड़ में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. फ्लैग मार्च की शुरुआत सिदो-कान्हू मुर्मु पार्क से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचा. इस दौरान प्रशासन की ओर से आम लोगों को सुरक्षा और शांति का संदेश दिया गया. अधिकारियों ने लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना साझा नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. फ्लैग मार्च में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद थे.

 

Tags - Pakur Flag March Bakrid Security Arrangement Pakur Police Administration Eid Law and Order Jharkhand Bakrid News