logo

अपराध और नशे के खिलाफ एक्शन मोड में सरायकेला पुलिस, SP के नेतृत्व में फ्लैग मार्च

sarai_police.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में मंगलवार को आदित्यपुर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों के बीच भरोसा कायम रखने का प्रयास किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम विशेष रूप से उन गलियों और आंतरिक क्षेत्रों में पहुंची, जिन्हें पूर्व में ड्रग्स तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। इसके अलावा सीमावर्ती इलाकों में भी सघन जांच की गई, जहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।

चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई

आदित्यपुर थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 'टाइगर मोबाइल' (बाइक पेट्रोलिंग टीम) की संख्या बढ़ाई गई है तथा पुलिस बल में जवानों और कांस्टेबलों की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता निवारक कार्रवाई (प्रिवेंटिव एक्शन) पर है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को घटित होने से पहले ही रोका जा सके। साथ ही जेल से बाहर आए अपराधियों, फरार एवं वांछित आरोपियों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराध, नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस फ्लैग मार्च के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा और पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

Tags - Flag March Jharkhand Police Law and Order Public Safety