द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल क्षेत्र के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आशियाना मोड़ के समीप बुधवार को प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से करीब 30 से 40 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखा चूल्हा, बर्तन, खाने-पीने की सामग्री समेत अन्य सामान मलबे में दब गया। दुकानदारों का कहना है कि वे प्रशासन से दुकानें खाली करने के लिए दो दिनों का अतिरिक्त समय मांग रहे थे, ताकि दुकान के अंदर रखा सामान सुरक्षित निकाल सकें। हालांकि, उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। अचानक हुई कार्रवाई के कारण कई दुकानदार अपना सामान नहीं निकाल सके। दुकानदारों ने कार्रवाई में लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान कई वर्षों से दुकान चला रहे दुकानदार अपनी दुकानें टूटते देखकर भावुक नजर आए। वहीं, अभियान के दौरान एक समाजसेवी महिला को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

सरकारी जमीन होने का प्रशासन का दावा
अंचल कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि जिस जमीन पर दुकानें संचालित हो रही थीं, वह सरकारी भूमि है। अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस दिया गया था। निर्धारित समय में जमीन खाली नहीं करने पर बुधवार को कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खाली कराई गई जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाए जाने की योजना है। हालांकि, प्रभावित दुकानदारों को प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स में दुकानें दिए जाने के संबंध में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों ने उठाए सवाल
अतिक्रमण हटाने के दौरान मौके पर एम्बुलेंस और दमकल वाहन की मौजूदगी नहीं होने को लेकर भी दुकानदारों ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि बड़े स्तर पर कार्रवाई के दौरान किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम होने चाहिए थे। दुकानदारों ने कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान और पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।