द फॉलोअप डेस्क
आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को कार्यकर्ताओं द्वारा बधाई दी गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल–बाजा, पटाखे छोड़े और मिठाई बांटकर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची विधायक सीपी सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, के.के. गुप्ता, बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
इससे पहले, महानगर के कार्यकर्ताओं ने आदित्य साहू के महानगर कार्यालय पहुंचने पर पटाखे छोड़े और ढोल–बाजा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि मुझ जैसे एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के लिए कार्यकारी अध्यक्ष बनना केवल भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र संगठन है, जहाँ कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनके जैसे कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, वे उस विश्वास पर खरे उतरेंगे। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन में संघर्ष को याद करते हुए भावुक होकर कहा कि ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने वाला हर कार्यकर्ता भाजपा में आगे बढ़ सकता है। इस जिम्मेवारी के लिए उन्होंने राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया।
आदित्य साहू ने झारखंड सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हर कार्यकर्ता को सड़कों पर उतरना होगा। उन्होंने कहा कि आज राज्य में भ्रष्टाचार व्याप्त है। जल, जंगल और जमीन की बात कर सत्ता में आने वाली सरकार अब आदिवासियों और मूलवासियों के खिलाफ काम कर रही है। सरकार में चोरी और लूट चरम पर है। रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आदित्य साहू जैसे पुराने और जमीनी कार्यकर्ता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि आदित्य साहू के लंबे संगठनात्मक अनुभव का पार्टी को फायदा मिलेगा। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि आदित्य साहू के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी को नई गति और ऊर्जा मिलेगी।
अभिनंदन समारोह में सुबोध सिंह गुड्डू, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, कमाल खान, राजेंद्र केशरी, संजय जयसवाल, रमेश सिंह, अरुण झा, संदीप वर्मा, निशि जयसवाल, ऊषा पांडेय, कृपा शंकर सिंह, रोशनी खलखो, राजू सिंह, बसंत दास, अनीता वर्मा, संजीव चौधरी, विनय सिंह, पूनम जयसवाल, बिना मिश्रा, विकास रवि, बलसाई महतो, रोशन शर्मा, देवेंद्र शर्मा, सोनू सिंह, राकेश शर्मा, रवि मुंडा, प्रकाश साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
