धनबाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने धनबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है और निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झामुमो और कांग्रेस अपने समर्थित उम्मीदवारों की संभावित हार से घबराए हुए हैं। इसी कारण सत्ता पक्ष के इशारे पर अपराधियों के जरिए भाजपा प्रत्याशियों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर चक्रधरपुर के भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजय गगराई को मिली धमकी और एक महिला कार्यकर्ता के घर चिपकाए गए धमकी पत्र को मीडिया के सामने रखा।

उन्होंने धनबाद और मेदिनीनगर (पलामू) के उम्मीदवारों को भी अपराधियों से धमकी मिलने का दावा किया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों से राज्य सरकार अपराधियों, दलालों और बिचौलियों को संरक्षण दे रही है। अब निकाय चुनाव में अपने उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए अपराधियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने के पीछे बूथ लूट और बूथ कैप्चरिंग की मंशा हो सकती है।

भाजपा ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। आदित्य साहू ने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों पर लगाम नहीं लगाई गई तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पी.एन. सिंह और जिलाध्यक्ष श्रवण राय भी मौजूद रहे।
.jpeg)