logo

सलमान खान से 5 करोड़ रंगदारी मांगने वाला आरोपी जमशेदपुर से गिरफ्तार

SALMANKHAN2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस ने एक आरोपी को जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जमशेदपुर के मानगो इलाके के आजादनगर निवासी शेख होसेन के रूप में हुई है। साथ ही पुलिस को उसके पास के वह मोबाइल भी मिला है, जिससे धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। आरोपी को जल्द ही कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर मुंबई ले जाया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार शेख होसेन मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी का रहने वाला है और जमशेदपुर के साकची बाजार में सब्जी बेचने का काम करता था, जो उसने पिछले साल से छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि उसने टीवी पर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा सलमान खान को धमकी देने की खबर देखने के बाद, सलमान खान से रंगदारी मांगने की योजना बनाई। 

शेख होसेन ने इंटरनेट पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस का नंबर सर्च कर, मुंबई पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेज दिया और फिर अपना मोबाइल बंद कर दिया। 16 अक्टूबर को जब मुंबई पुलिस को यह संदेश मिला, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। मोबाइल नंबर बंद होने की वजह से पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत हो रही थी। लेकिन जब आरोपी ने फिर से पुलिस को मैसेज भेजकर कहा कि उसने गलती से यह मैसेज किया था, तब पुलिस ने उसका लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद जांच में पता चला कि यह फोन जमशेदपुर से किया गया था। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस की मदद से आरोपी को साकची इलाके से गिरफ्तार किया।


 

Tags - झारखंड न्यूज महाराष्ट्र पुलिस सलमान खान जमशेदपुर Jharkhand News Maharashtra Police Salman Khan Jamshedpur