गढ़वा
गढ़वा के खरौंधी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस की नई गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी और एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई. जानकारी के अनुसार, खरौंधी थाना की नई पुलिस गाड़ी नगर उंटारी डीएसपी के निर्देश पर मझिगवां पंचायत के एक गांव में छापेमारी करने गई थी. वहां से वारंट के आधार पर मनोज पासवान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम उसे लेकर थाना लौट रही थी, उसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से वाहन का स्टेरिंग अचानक मोड़ दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
सभी पुलिसकर्मी हुए घायल
इस हादसे में वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें हवलदार राम प्रसाद महतो के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि चालक सह चौकीदार रिंकू जोशी भी गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप, आरक्षी दिनेश ठाकुर और आरक्षी गौतम राजा को भी चोटें आई हैं और वे आंशिक रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
आरोपी ने भागना का किया प्रयास
घटना के बाद स्थानीय टेंपो चालक कामेश्वर यादव सहित अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी घायल पुलिसकर्मियों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया. इसी दौरान आरोपी मनोज पासवान ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घायल अवस्था में भी पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर रोक लिया और थाने को सूचना देकर दोबारा हिरासत में सौंप दिया. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नगर उंटारी रेफर किया गया है. मामले की आगे की जांच की जा रही है.
