logo

चतरा में कथित अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव!

mob6.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

चतरा में कथित तौर पर अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात टंडवा थानाक्षेत्र अंतर्गत बड़गांव स्थित मगहिया टोला की है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मो. इमरोज के रूप में की गई है। इमरोज पर अपने ही गांव की छठी क्लास की लड़की के अपहरण और 2 दिन तक बंधक बनाकर उसका दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। बताया जाता है कि मंगलवार को  लड़की वापस लौटी और कथित तौर पर अपहरण और रेप की बात परिजनों को बताई। कहा जा रहा है कि इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने इमरोज को पकड़ लिया और उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। मारपीट में घायल इमरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई। 

2 दिन तक लापता थी छठी क्लास की छात्रा
घटना के संबध में  मिली जानकारी के मुताबिक मो. इमरोज के पड़ोस में रहने वाली छठी क्लास की नाबालिग लड़की 2 दिन से लापता था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने लड़की की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार तड़के लड़की घर लौटी और कथित तौर पर परिजनों को अपहरण और रेप की बात बताई। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि इमरोज ने उसे अपहरण और दुष्कर्म की बात किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बताया जाता है कि जैसे की घटना की जानकारी मिली, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इमरोज के घर पहुंच गए। कहा जा रहा है कि कथित तौर पर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। 

इलाज के दौरान एमरोज की मौत हो गई
पुलिस ने इमरोज को किसी तरह भीड़ से छुड़ाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कहा जा रहा है कि इस दौरान इमरोज के पिता सुल्तान मियां के साथ भी मारपीट की गई। इस हत्याकांड को लेकर मगहिया टोला में तनाव व्याप्त है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस के जवान गश्त कर रहे हैं। मृतक के परिजनों ने भीड़ में शामिल लोगों की पहचान करके उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी मिली है कि करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। 

पुलिस इस केस में 2 अलग-अलग मामलों की जांच में जुटी है। पहला मामला कथित अपहरण और दुष्कर्म का है, जबकि दूसरा मामला भीड़ के हाथों युवक की हत्या का है। 

Tags - Jharkhand NewsMob LynchingRape Kidnapping Accused Mob LynchingCrime News