द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
हजारीबाग के सदर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में लेखपाल विष्णुनाथ रविदास की मौत हो गई। घटना हुटपा के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विष्णुनाथ सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

बीआरसी में लेखपाल के पद पर थे कार्यरत
मृतक विष्णुनाथ रविदास चौपारण प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा उन्हें विष्णुगढ़ प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को विष्णुगढ़ में विभागीय कार्य निपटाने के बाद टाटीझरिया के रास्ते हजारीबाग स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हुटपा के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद वह संभल नहीं सके और सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से गुजर रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। विष्णुनाथ रविदास हजारीबाग शहर के खिरगांव मोहल्ला स्थित सिरका टोला के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने ट्रक किया जब्त, चालक की तलाश और हादसे की जांच जारी
हादसे के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार है। मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।