logo

गिरिडीह के टाटा मोटर्स शोरूम को एसीबी ने किया सील, आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई

ACB11.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बोड़ो स्थित टाटा मोटर्स मोटोजेन शोरूम को एसीबी की टीम ने बुधवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे, उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच के क्रम में की गई है। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से गिरिडीह समेत आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से बोड़ो स्थित टाटा मोटर्स शोरूम पहुंची और आवश्यक जांच के बाद शोरूम को सील कर दिया। इस दौरान एसीबी अधिकारियों ने शोरूम से जुड़े वित्तीय लेन-देन, आयकर रिटर्न, निवेश से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की। बताया जा रहा है कि यह शोरूम स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालित हो रहा था।
गौरतलब है कि स्निग्धा सिंह, निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के करीबी सहयोगी विनय सिंह की पत्नी हैं। इस मामले में स्निग्धा सिंह फिलहाल फरार बताई जा रही हैं। उनकी तलाश में एसीबी की टीम पूर्व में बिहार और दिल्ली समेत कई ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एसीबी को जांच के दौरान यह जानकारी मिली है कि आईएएस विनय कुमार चौबे ने अपने पद का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की। इस काले धन को उन्होंने अपने खास सहयोगी ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर निवेश किया। जांच में यह भी सामने आया है कि स्निग्धा सिंह के नियंत्रण वाले टाटा मोटर्स शोरूम में विनय चौबे की अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा निवेश किया गया था।
इसी कड़ी में गिरिडीह के अलावा धनबाद, कोडरमा, रांची, देवघर समेत अन्य जिलों में स्थित टाटा मोटर्स के शोरूमों पर भी एसीबी की टीम ने छापेमारी की है। फिलहाल बोड़ो स्थित शोरूम के बाहर सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसीबी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news giridih news giridih khabar giridih update ACB news ACB khabar