गिरिडीह:
मुफस्सिल थानाक्षेत्र के ग्रहटांड स्थित गिरिडीह-मधुपुर रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर थानाक्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 29 वर्षीय पुत्र देव आशीष कुमार के रूप में हुई है। देव आशीष कुमार की शादी करीब 4 माह पूर्व बेंगाबाद थानाक्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई।

मृतक की पत्नी ने क्या जानकारी दी
मृतक की पत्नी मोली देवी ने बताया कि उनके पति शुक्रवार सुबह रोज की तरह बाइक से बक्सीडीह स्थित अपनी दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे। करीब 2 घंटे बाद पुलिस का फोन आया और उन्हें सदर अस्पताल बुलाया गया। अस्पताल पहुंचने पर पति की मौत की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि यह घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

दंपति के बीच विवाद का बात निकली
वहीं मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देव आशीष की शादी 4 माह पहले हुई थी। पति-पत्नी के बीच कुछ बातों को लेकर विवाद होने की जानकारी उन्हें अन्य लोगों से मिली थी। हालांकि परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग रहते हैं और उनका व्यवसाय भी अलग है। उन्होंने बताया कि देव आशीष दुकान जाने के लिए निकले थे, लेकिन बाद में पुलिस से घटना की सूचना मिली।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।