द फॉलोअप, बोकारो:
Jharkhand News: बोकारो और चास क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं (Road Accident) और उनमें जा रही लोगों की जान को लेकर चास के जागरूक नागरिक बंटी पांडेय ने प्रशासन का ध्यान सड़क सुरक्षा (Road Safety) के बुनियादी इंतजामों की ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा (Bokaro DC Ajay Nath Jha) को मांग पत्र सौंपा। बंटी पांडेय ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के कारण लगातार लोगों की जान जा रही है। फोरलेन और हाईवे के निर्माण के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ी है और इसके साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा है। सड़क हादसे में किसी एक व्यक्ति की मौत से पूरा परिवार प्रभावित होता है। वर्ष 2016 में उन्होंने भी अपने पिता को सड़क दुर्घटना में खोया था। इस व्यक्तिगत पीड़ा (Personal suffering) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों को गंभीरता से काम करना चाहिए।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन जगह-जगह कैमरे लगाकर यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काट रहा है, लेकिन कई प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग, गति सीमा दर्शाने वाले बोर्ड और दुर्घटना संभावित क्षेत्र की चेतावनी देने वाले संकेतक नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क सुरक्षा के लिए चालान के साथ-साथ जरूरी आधारभूत सुविधाओं (Basic Amenities) पर भी ध्यान दिया जाए। बंटी पांडेय ने फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप और सोलर ब्लिंकर लाइट लगाने की मांग की। उनका कहना है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर पहले से चेतावनी संकेत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने पुरुलिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े रहने वाले भारी वाहनों को भी दुर्घटना का कारण बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही ट्रकों के लिए अलग पार्किंग स्थल और व्यवस्थित ठहराव की व्यवस्था करने की बात कही।

चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए
बंटी पांडेय ने छठ पूजा और सावन जैसे पर्वों के दौरान दामोदर नदी, डैम और सोलागिडीह तालाब जैसे गहरे जलाशयों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था (Special Safety arrangements) करने की मांग भी उठाई। उनके अनुसार, ऐसे स्थानों पर खतरे से संबंधित स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए। भीड़ और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जरूरत के अनुसार NDRF की टीम की तैनाती भी की जानी चाहिए, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके। बंटी पांडेय ने आगे बताया कि वे पिछले एक साल में जनहित से जुड़े 62 आवेदन उपायुक्त को सौंप चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की जान बचाने के लिए जिला प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द ठोस कदम उठाएगा।