द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद नगर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक को जब मां ने नशे के लिए पैसे नहीं दिए, तो युवक ने घर के कमरे में खुद को बंद करके फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना आजाद बस्ती के रोड नंबर-7 स्थित ग्रीन वैली में बीते बुधवार की शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार, फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक का नाम मोहम्मद शरीफ (21) है। बताया जा रहा है कि शरीफ नशे का आदी था। उसने अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांगे थे। मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बीच नशे के चलते वह तनाव में आ गया और मौका मिलते ही उसने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब उसे फांसी के फंदे पर लटका देखा तो फौरन उतारकर एमजीएम अस्पताल ले गये। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, गुरुवार को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की सच्चाई सामने आयेगी।
.jpg)