लोहरदगा:
लोहरदगा के कूडू थानाक्षेत्र स्थित समसीरा हायर सेकेंड्री आवासीय विद्यालय, रोचो महुआ टोली के छात्रावास में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। छात्रावास के कमरे में सो रही 4 छात्राओं को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय के शिक्षक द्वारा सभी छात्राओं को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य का इलाज चल रहा है। मृतक छात्रा की पहचान सलगी अलौदी नवा टोली निवासी 12 वर्षीय वर्षा उरांव के रूप में हुई है। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सर्पदंश से 14 वर्षीय मनीषा कुमारी, 11 साल की फुलमनिया उरांव और 12 वर्षीय अनीसा कुमारी की तबीयत बिगड़ गई। उनकी स्थिति स्थिर है और इलाज जारी है।

सर्पदंश की घटना से परिजनों में कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुडु थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है पुलिस पूरे मामले पर अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। वहीं विद्यालय के छात्रावास में एक साथ 4 छात्राओं को सांप के डसने की घटना ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।