द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला उपचुनाव से पहले चुनाव आयोग ने अंतिम अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, घाटशिला उपचुनाव में अब कुल 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। आज एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद प्रत्याशियों की संख्या 13 रह गई है।
घाटशिला उपचुनाव के लिए कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें 15 पुरुष और 2 महिला उम्मीदवार शामिल थे। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान तीन प्रत्याशियों के नामांकन तकनीकी कारणों से रद्द कर दिए गए थे। इन प्रत्याशियों में निर्दलीय मालती टूडू, आपकी विकास पार्टी के दुखी राम मांडी और राष्ट्रीय सनातन पार्टी के मंगल मुर्मू शामिल हैं। आज निर्दलीय प्रत्याशी बिक्रम किस्कू ने अपना नामांकन वापस लिया।
उपचुनाव में कुल 2,56,352 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 1,25,114 पुरुष, 1,31,235 महिला, 3 ट्रांसजेंडर, 1 विदेशी मतदाता, 2,738 दिव्यांग मतदाता (PWD), 327 सेवा मतदाता, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 16,601 मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 628 मतदाता शामिल हैं मतदान के लिए कुल 300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 231 स्थानों पर स्थित हैं। उपचुनाव की तैयारियों के दौरान आयोग द्वारा 237.73007 लाख रुपये मूल्य की एजेंसी जब्ती और 32.1992 लाख रुपये मूल्य की इंटरसेप्टेड जब्ती की गई है। चुनाव आयोग ने उपचुनाव के लिए तीन प्रेक्षकों की नियुक्ति की है। इनमें राखी बिस्वास (IAS)-सामान्य पर्यवेक्षक, गाजाराव भूपाल (IPS)- पुलिस पर्यवेक्षक, और दिलीप कुमार राठौड़- व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं।



