रांची:
Jharkhand Weather News: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी का प्रभाव खत्म होने के बाद झारखंड में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगा है। गुरुवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आसमान साफ रहा। अब राज्य में ठंड बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। चतरा समेत राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी है।

छठ के दौरान श्रद्धालुओं को सताएगी ठंड
मौसम में बदलाव का असर छठ महापर्व के दौरान घाटों पर भी देखने को मिल सकता है। सुबह अर्घ्य देने के लिए घरों से निकलने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सुबह के समय गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है। राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय मध्यम दर्जे का कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने और धूप निकलने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।

15 नवंबर तक 13 डिग्री तक गिर सकता है रांची का तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर के मध्य तक झारखंड के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। राजधानी रांची में 15 नवंबर तक न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में छठ के दौरान सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। खासकर अर्घ्य के लिए घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ सकता है।