logo

गढ़वा में अवैध बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, जांच मे जुटी पुलिस

bihar14fd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढो रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, कांडी थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव निवासी राजनाथ मेहता की पत्नी 40 वर्षीय कलिता देवी अपने निर्माणाधीन मकान के पास खड़ी होकर कुछ काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की टक्कर से महिला गिर गई और चालक ने वाहन उसके ऊपर से गुजार दिया, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से दर्जनों ट्रैक्टरों से दिन-रात अवैध बालू का उत्खनन और ढुलाई की जा रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी असफाक आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों और प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग की। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल महिंद्रा ट्रैक्टर करमा गांव निवासी लल्लू सिंह का है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध बालू ढुलाई के कारण इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिनमें लोगों और मवेशियों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यह धंधा लगातार जारी है।

Tags - Garhwa Jharkhand news Kandi Garhwa accident illegal sand mining Garhwa tractor accident Jharkhand woman killed by tractor Garhwa Sonpura village Garhwa incident Kalita Devi death case Rajnath Mehta family Garhwa Majhiaon CHC Garhwa hospital case