द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना झरिया थाना क्षेत्र के उपर कुल्ली की है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को झरिया पुलिस के हवाले कर दिया गया। हादसे में जामाडोबा पाथर बंगला के विक्की कुमार (32) और बिट्टू अंसारी (13) गंभीर रूप से घायल हुए। एक व्यक्ति की स्थिति नाजुक बनी हुई है। झरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रशासन घायलों के इलाज की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।