गढ़वा:
Garhwa News: गढ़वा शहर के टंडवा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर से होकर गुजरने वाली दानरो नदी पर छठ घाट के समीप करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से टंडवा क्षेत्र के चार वार्डों की लगभग 20 हजार की आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय लोग नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने अनाबद्ध निधि से राशि नगर परिषद को हस्तांतरित करने की स्वीकृति दे दी है। पुल निर्माण की मंजूरी मिलने से स्थानीय लोगों और छठव्रतियों में खुशी का माहौल है।

टंडवा के चार वार्डों को मिलेगा सीधा लाभ
गढ़वा शहर के बीचोंबीच बहने वाली दानरो नदी शहर की लाइफलाइन मानी जाती है। हालांकि, नदी पर पुल नहीं होने के कारण टंडवा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। नगर परिषद के कुल 21 वार्डों में से वार्ड संख्या 18, 19, 20 और 21 टंडवा क्षेत्र में आते हैं। इन चारों वार्डों की आबादी करीब 20 हजार है। यहां के लोगों को शहर आने के लिए नदी पार करनी पड़ती है या फिर लंबी दूरी तय कर दूसरे रास्तों से आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में नदी पर पीपा पुल बनने की स्वीकृति मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी है। खासकर टंडवा क्षेत्र के लोगों के लिए यह पुल किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। वहीं, छठ पूजा के दौरान छठव्रतियों को भी आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

स्थायी पुल की मांग, फिलहाल पीपा पुल से राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि दानरो नदी पर स्थायी पुल का निर्माण होना चाहिए था, लेकिन फिलहाल पीपा पुल बनने से उनकी बड़ी समस्या दूर होगी। पुल निर्माण की मंजूरी मिलने पर स्थानीय निवासी भोला गुप्ता, जमालुद्दीन अंसारी और गुप्त प्रसाद कुशवाहा ने खुशी जताई।

दो किलोमीटर की दूरी घटकर रह जाएगी 100 मीटर
नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी ने पीपा पुल निर्माण की स्वीकृति को अपने कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पुल बन जाने से नगर परिषद क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। अभी लोगों को आवागमन के लिए करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन पुल बनने के बाद यह दूरी घटकर महज 100 मीटर रह जाएगी। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से पीपा पुल निर्माण के लिए पत्र के माध्यम से राशि की मांग की गई थी। इसके बाद अनाबद्ध निधि से पुल निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही नगर परिषद की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।