गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा जिले में मानव-हाथी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार को रमकंडा थानाक्षेत्र अंतर्गत बघढुली गांव में जंगली हाथी ने 50 वर्षीय व्यक्ति को पटककर मार डाला। बताया जाता है कि खेत किनारे पत्तियां लाने गए संतोष यादव को जंगली हाथी ने पहले सूंड़ से पकड़कर घसीटा और फिर पैरों तले कुचल दिया। घटना से गांव में दहशत है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश भी है। जंगली हाथियों की नियमित गतिविधि ने ग्रामीणों को डरा दिया है।

गुरुवार तड़के पत्तियां लाने गए थे संतोष
बताया जा रहा है कि संतोष यादव सुबह खेत के किनारे पत्तियां लेने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत के किनारे उनका शव बरामद हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, जंगली हाथी ने उन्हें कुछ दूर तक घसीटने के बाद कुचलकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पर रंका एसडीएम मो. परवेज, बीडीओ संजय कोंनगाड़ी, रमकंडा थाना प्रभारी मुकेश यादव समेत पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

परिजनों को तत्काल 1 लाख रुपये दिए गये
वन विभाग की ओर से सरकारी प्रावधान के तहत तत्काल 1 लाख रुपये की सहयोग राशि दी गई है। अधिकारियों ने शेष मुआवजे की राशि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों में जंगली हाथियों के आतंक को लेकर भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा की लगातर क्षेत्र मे हथियो का आतंक बढ़ रहा है लेकिन वन विभाग कोई ठोस उपाए नहीं कर रहा है।

हाथी के हमले में लोगों की मौत पर चुप्पी से सवाल
जंगली हाथियों के हमले में लोगों की मौत के सवाल पर अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। गांव के मुखिया ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। पहले भी जंगली हाथी के हमले में लोग जान गंवा चुके हैं, लेकिन विभाग को आम लोगों के जानमाल की परवाह नहीं है। मुखिया ने मांग रखी है कि हाथियों को भगाने के लिए ठोस पहल की जरूरत है। वनपाल ने कहा कि गुरुवार तड़के यह घटना घटी। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों को मुआवजा दिया जा रहा है।