तिसरी/गिरिडीह:
गिरिडीह के तिसरी प्रखंड अंतर्गत बरवाडीह गांव में उत्क्रमित उच्च विद्यालय के आगे पैक्स भवन निर्माण का विरोध करने पर 2 युवकों के साथ दंबगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत मिली है कि अंचलाधिकारी द्वारा चिन्हित जमीन पर लैम्प्स (पैक्स) का गोदाम बनाने की जगह स्कूल भवन के आगे इसका निर्माण जबरन किया जा रहा था। जब गांव के 2 युवकों ने विरोध किया तो दंबगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि थाने में मारपीट की शिकायत करते हुए लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप यह भी है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा पैक्स भवन निर्माण के संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पास की गई शिकायत पर भी संज्ञान नहीं लिया गया।
स्कूल प्रबंधन का साफ कहना है कि गोदाम से न केवल छात्र-छात्राओं को भविष्य में परेशानी होगी, बल्कि विद्यालय की प्रस्तावित चाहरदीवारी के निर्माण में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

तिसरी प्रखंड के बरवाडीह पंचायत का है मामला
गौरतलब है कि तिसरी प्रखंड के बरवाडीह पंचायत अंतर्गत डमुर मौजा में खाता संख्या-02 और प्लॉट संख्या-02 में गैरमजरुआ खास की परती जमीन को पैक्स गोदाम के निर्माण के लिए अंचलाधिकारी द्वारा चिन्हित किया गया था। गांव के मिथिलेश यादव ने तिसरी थाना में लिखित आवेदन देकर यह आरोप लगाया है कि तथाकथित दबंग भू-माफिया मनीष यादव और उसके परिजन अंचलाधिकारी द्वारा चिन्हित जमीन पर गोदाम का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। मिथिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और दबंग मनीष यादव की मिलीभगत से बरवाडीह उत्क्रमित उच्च विद्याललय भवन के पीछे वाली जमीन पर पैक्स गोदाम का निर्माण किया जा रहा था।

स्कूल भवन के सामने हो रही थी JCB से खुदाई
मिथिलेश यादव ने आवेदन में दावा किया है कि जेसीबी से उक्त जमीन पर खुदाई की जा रही थी। मिथिलेश यादव का आरोप है कि जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो मनीष यादव ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मिथिलेश यादव का दावा है कि मारपीट में उसकी छाती पर गंभीर चोट आई है। मिथिलेश ने मनीष यादव के अलावा दरागी यादव, रामदेव यादव और सोनू कुमार को मामले में नामजद आरोपी बनाया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया है।
पीड़ित मिथिलेश यादव ने पुलिस से मामले में न्यायसंगत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और छीना गया मोबाइल फोन वापस दिलाने की मांग की है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि अंचल निरीक्षक, कर्मचारी ने पुलिस की मौजूदगी में मापी भी की थी। आरोपी, अंचलाधिकारी द्वारा चिन्हित जमीन और विद्यालय भवन के पास वाली जमीन पर अपना दावा जता रहा है।