गिरिडीह:
मुफस्सिल थानाक्षेत्र के सिमरियाधौरा गांव में रविवार शाम एक मजदूर पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सिमरियाधौरा निवासी मो. मकसूद के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घात लगाकर मजदूर पर बोला हमला
परिजनों के अनुसार, मो. मकसूद रोज की तरह रविवार को भी मजदूरी करने गया था। शाम को काम से घर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गले पर वार करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मकसूद सड़क किनारे गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

पुलिस को नहीं मिली लिखित शिकायत
इधर, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।